प्रेस विज्ञप्ति
सदर अस्पताल, मोतिहारी में महिलाओं के अधिकार एवं विधिक संरक्षण को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी, 16 अगस्त 2026
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के तत्वावधान में आज सदर अस्पताल, मोतिहारी में महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा एवं विधिक संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न महिला-केंद्रित कानूनों एवं उनके अंतर्गत उपलब्ध विधिक संरक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने पूर्व-गर्भाधान और प्रसव-पूर्व निदान तकनीक (PC & PNDT) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (POSH) अधिनियम सहित महिलाओं से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, समानता, गरिमा और सुरक्षा की रक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा, दहेज मांग या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में उचित कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
सचिव ने मुफ्त विधिक सहायता की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक अथवा सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्ति, विशेषकर महिलाएं और अन्य पात्र वर्ग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से विधिक जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से छात्रों एवं स्वास्थ्य प्रोफेशनल्स द्वारा प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। सचिव श्री नितिन त्रिपाठी की उपस्थिति में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के बीच प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, युवाओं एवं परिवारों पर इसके नकारात्मक प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना की तथा नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित हुए।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता श्री दक्ष, पैरा लीगल वालंटियर (PLV) श्री रमन मिश्रा तथा सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार सहित अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी, छात्र एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विधिक जागरूकता के साथ-साथ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, समानता एवं अधिकारों की रक्षा तथा युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखते हुए एक सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department
2 views | East Champaran, Bihar | Aug 16, 2026