जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में दिनांक 04 नवंबर 2026 को प्रधान लिपिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न कार्यालयों से संबंधित सेवांत लाभ, सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम, न्यायालयीय मामले (सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी), सीएम डैशबोर्ड, मानवाधिकार आयोग, आयुक्त कार्यालय से प्राप्त परिवाद, जनशिकायत, नकारात्मक दैनिक समाचार, आपदा से संबंधित मामले, नजारत एवं रोकड़ पंजी का संधारण, अंकेक्षण, एसी/डीसी विपत्र, सीपीग्राम्स सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को सभी प्रकार के लंबित मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा वित्तीय अनुशासन का पालन करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
सेवानिवृत्त एवं मृत कर्मियों के लंबित सेवांत लाभ, पेंशन, उपादान, समूह बीमा, अवकाश के बदले नकद भुगतान एवं अन्य संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा आवश्यक अभिलेख, आवंटन एवं अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी दो-तीन माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को चिन्हित कर उनके सेवांत लाभ से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई समय से पूर्ण करने को कहा गया।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के अंतर्गत सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्धारित दिवस पर कार्यक्रम आयोजित करने, आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके साथ सौम्य एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिन कार्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, वहां शीघ्र व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया।
विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों से संबंधित लंबित सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी न्यायालयीय मामलों, सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त शिकायतों एवं लंबित आवेदनों, मानवाधिकार आयोग से प्राप्त मामलों, आयुक्त कार्यालय से प्राप्त परिवादों, जनशिकायतों, सीपीग्राम्स (CPGRAMS) पोर्टल पर प्राप्त परिवादों तथा नकारात्मक दैनिक समाचारों से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। माननीय न्यायालयीय मामलों में आवश्यक प्रतिवेदन, अभिलेख एवं जवाब समय पर उपलब्ध कराने तथा माननीय न्यायालयीय निर्देशों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। लंबे समय से लंबित मामलों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा संबंधित आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के क्रम में रजौन अंचल से संबंधित दिनांक 07 फरवरी 2020 के पुराने लंबित मामले के निष्पादन उल्लेख किया गया।
मानवाधिकार आयोग एवं आयुक्त कार्यालय से प्राप्त मामलों में आवश्यक प्रतिवेदन एवं कार्रवाई की अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराने तथा जनशिकायतों एवं नकारात्मक दैनिक समाचारों में उठाए गए विषयों पर तथ्यात्मक प्रतिवेदन के साथ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
आपदा से संबंधित लंबित मामलों एवं अनुग्रह अनुदान भुगतान हेतु लंबित अभिलेखों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा आपदा शाखा को अनुमंडल कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर लंबित 30 मामलों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड एवं अंचल स्तरीय कार्यालयों के नजारत, रोकड़ पंजी, अग्रिम पंजी एवं बैंक विवरणी के संधारण तथा जांच समिति द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान पाई गई त्रुटियों का नवंबर माह के अंत तक निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। त्रुटि करने वाले नाजिरों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा नजारत से संबंधित रोकड़ बही अद्यतन नहीं रखने अथवा उपलब्ध नहीं कराने वाले प्रधान लिपिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), बांका से संबंधित सीपीग्राम्स परिवाद के निष्पादन हेतु भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में चांदन अंचल के प्रधान लिपिक के अनुपस्थित रहने पर जिला पदाधिकारी द्वारा अगले आदेश तक उनका वेतन बंद करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रकार के लंबित आवेदनों एवं मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कम निष्पादन करने वाले कार्यालयों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 4, 2026