खराहल में पेयजल संकट पर भड़के लोग, जल शक्ति विभाग को दिया अल्टीमेटम
बारी पधर में जिला परिषद सदस्य अनिल राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कुल्लू :
खराहल घाटी में लगातार बनी हुई पेयजल समस्या को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ने लगा है। जल शक्ति विभाग की कथित अनदेखी से नाराज क्षेत्रवासियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को खराहल के बारी पधर में पेयजल संकट और लंबित कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं और विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य लराकेलो वार्ड अनिल राणा ने की। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र की पेयजल समस्या को लेकर एक बार फिर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान अधिकारियों से लंबित कार्यों की वास्तविक स्थिति पूछी जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा जाएगा कि पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए चल रहे और प्रस्तावित कार्य आखिर कब तक पूरे होंगे।
बैठक में लोगों ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में अब विभाग को समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
जिला परिषद सदस्य अनिल राणा ने कहा कि जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। यदि विभाग के अधिकारियों से दोबारा बातचीत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर जनता को लगातार परेशान नहीं होना चाहिए।
Kullu, Kullu | Nov 24, 2026