पिपराही चौक पर फिर बढ़ा अतिक्रमण,दोपहर शाम होते ही लग रहा जाम,
शिवहर। पिपराही चौक पर अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर होती जा रही है। अब धीरे-धीरे दुकानदारों ने सड़क की ओर फिर से कब्जा बढ़ाना शुरू कर दिया है। सड़क की जमीन पर फल की दुकानें लगाने के साथ कई दुकानदारों ने दुकान के आगे सीढ़ी, छप्पर, ठेला और सामान रखकर अपनी दुकान का दायरा बढ़ा लिया है। इसके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और चौक पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। शाम के समय बाजार में भीड़ बढ़ने पर जाम की समस्या और विकराल हो जाती है।
स्थानीय लोगो के अनुसार पिपराही चौक के आसपास सड़क के किनारे कई जगह दुकानदारों ने निर्धारित सीमा से बाहर दुकानें लगा रखी हैं। कहीं फल और सब्जियों की दुकान सड़क तक फैली है तो कहीं ठेले और अन्य सामान रखकर रास्ता घेर लिया गया है। कई दुकानों के आगे पक्की सीढ़ियां और अस्थायी छप्पर बना दिए गए हैं। इससे पैदल राहगीरों के लिए भी चलने की जगह कम हो गई है।
अतिक्रमण हटाने के बाद फिर बढ़ा कब्जा
ग्रामीण ने बताया दुकानदारों ने फिर से सड़क की ओर सामान रखना और दुकानें बढ़ाना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति फिर पहले जैसी होती जा रही है।
दोपहर शाम में वाहनों की लगती है लंबी कतार
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर शाम के समय बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। इसी दौरान सड़क पर फल की दुकानें, ठेले और अन्य सामान लगे रहने के कारण वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। देखते ही देखते चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। जाम के कारण राहगीरों, बाइक चालकों और छोटे-बड़े वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रशासन से स्थायी कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पिपराही चौक एवं आसपास के मार्गों का स्थल निरीक्षण कर सड़क की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सिर्फ अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा सड़क पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि चौक और मुख्य सड़क पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा सड़क की जमीन पर फल दुकान, ठेला, सीढ़ी, छप्पर या दुकान का सामान रखने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में सड़क और संकरी होगी तथा जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।