बिहार में भरत तिवारी मुठभेड़ मामले में राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन
.
#हरदोई। बिहार में भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के मामले को लेकर राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) की जिला इकाई ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। जिला अध्यक्ष अमित चंचल त्रिवेदी, राष्ट्रीय संयोजक अलंकार अग्निहोत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने घटना को गंभीर बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मामले की जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निलंबित किया जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जी मुठभेड़ के तथ्य सामने आते हैं तो दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। मोर्चा ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई है। साथ ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की निगरानी में जांच कराए जाने और मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रखर मिश्रा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मातुल्य शुक्ला, जिला प्रवक्ता अमित सिंह, उपाध्यक्ष पुनीत मिश्रा, कार्यालय प्रभारी अमन शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jun 20, 2026