छठ घाटों का जिला पदाधिकारी ने किया सघन निरीक्षण, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का लिया जायजा
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा जिले के विभिन्न एवं दूरस्थ छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा एक ही दिन में जिले के चार प्रखंडों—बौंसी, बाराहाट, रजौन और धोरैया—के दूरस्थ पंचायतों में अवस्थित प्रमुख एवं अन्य सभी छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसके अंतर्गत उन्होंने बाराहाट प्रखंड अंतर्गत औरैया पंचायत के बिरनगढ़, बौंसी स्थित पापहरणी तालाब, रजौन प्रखंड अंतर्गत कठचातर-लिलातरी पंचायत के अजीतनगर पोखर एवं अमारा-हरचंडी पंचायत के कोतवाली स्थित कोल्हानी नदी घाट तथा धोरैया प्रखंड अंतर्गत धनकुंड छठ घाट सहित अन्य दूर-दराज के घाटों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
एक साथ चार प्रखंडों के सुदूरवर्ती इलाकों में स्थित घाटों तक स्वयं पहुंचकर निरीक्षण करना जिला पदाधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रशासनिक गंभीरता को दर्शाता है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि जिले के अंतिम छोर तक के श्रद्धालुओं को भी समान सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई एवं साज-सज्जा की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए सभी जिला वासियों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए पात्र परिवारों से योजना का लाभ उठाने एवं अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली खर्च में भी बड़ी राहत मिल सकती है।
जिला पदाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि छठ महापर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। घाटों पर भीड़भाड़ के दौरान बच्चों को अकेला न छोड़ें और उन्हें हमेशा अपने साथ रखें। गहरे पानी में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने समस्त जिला वासियों से छठ महापर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं समस्त जिला वासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य एवं छठी मैया की कृपा सभी पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए।
जिला प्रशासन, बांका सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुखद छठ पूजा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Nov 15, 2026