राजीव गांधी स्टेडियम में शराब पीकर हुड़दंग, तीन हिरासत में
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एसएसपी ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परिसर में शराब पीकर हुड़दंग और उपद्रव करने वाले तीन युवकों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। तीनों को थाने लाकर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम परिसर में शराब का सेवन करते हुए हुड़दंग और उपद्रव करते दिखाई दे रहे थे।