हाथ और पांव नहीं होने के बावजूद भी अनुष्का बनी हुई है गरबा की शान
दिव्यांगों के साथ ही परेशानियों से हार मानने वालों को दे रही प्रेरणा
( अजमेर न्यूज़)
कहते हैं कि अगर आपके मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा है तो आपके लिए कोई चीज असंभव नहीं है। ऐसा ही नजारा अजमेर के पालबीचला स्थित गरबा रास के पांडाल में देखने को मिला। दरअसल यहां एक ऐसी किशोरी माता की भक्ति में मग्न होकर गरबा खेल रही थी जिसके एक हाथ और एक पैर नहीं है। यह किशोरी क्षेत्र में ही रहने वाले सुरेन्द्र सिंह राठौड़ की पुत्री अनुष्का राठौड़ है। अनुष्का का जोश और जज्बा देखते ही बन रहा है। अनुष्का के जज्बे को हम सलाम करते हैं। अनुष्का कई अन्य दिव्यांगों के लिए प्रेरणा बनी हुई है।
अजमेर में शारदीय नवरात्र के मौके पर गरबा रास का आयोजन किया जा रहा है तो ऐसे में अनुष्का अपनी मां चन्द्रकला शक्तावत के साथ में हर वर्ष की तरह इस बार भी व्हील चेयर पर पालबीचला स्थित गढ़वाल पैलेसे पहुंची लेकिन यहां पहुंचते ही वह व्हील चेयर को छोड़कर गरबा रास के पांडाल में पहुंची और गरबा रास खेलने लगी। अनुष्का ने बताया कि वह पिछले दस साल से यहां गरबा खेलने आती है। जब वह दो साल की थी तब ट्रेन एक्सीडेंट में उसके हाथ और पैर चले गए थे लेकिन अब भी वह खुद को किसी भी क्षेत्र में कमजोर नहीं आंकती है। बचपन से उसे डांस का शौक था और आज भी वह इस शौक को समय-समय पर पूरा करती है। अनुष्का ने कहा कि आपकी सोच विकलांग नहीं होनी चाहिए, नहीं तो आप कुछ भी नहीं कर पाएंगे। शरीर से विकलांग लेकिन मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो मंजिल भी खुद आपके पास चल कर आएगी।
अजमेर न्यूज़
9351087614
Ajmer, Ajmer | Oct 18, 2026