खुशबू के परिवार को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
संचार माध्यम से सूचना प्राप्त होने पर डीएम ने मामले का लिया संज्ञान
बलिया,16सितंबर। संचार माध्यम से सूचना प्राप्त होने पर ईओ मनियर के माध्यम से खुशबू को बुलाकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में उससे वार्ता की और उसकी समस्याएं सुनीं।
नगर पंचायत मनियर के वार्ड नंबर 13 निवासी 19 वर्षीय खुशबू प्रसाद माता-पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उठा रही हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
खुशबू प्रसाद ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके पिता वीरेंद्र गोंड और माता रंजू देवी का निधन हो चुका है। परिवार में उनकी दो छोटी बहनें खुशी (16 वर्ष) और सुधानी (11 वर्ष) तथा भाई आदित्य (14 वर्ष) हैं। माता-पिता के निधन के बाद चारों भाई-बहनों की जिम्मेदारी खुशबू के ऊपर है।
खुशबू को करीब दो माह पूर्व नगर पंचायत मनियर में आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनाती मिली है। उनकी समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी ने दोनों बहनों और भाई को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही परिवार को अंत्योदय राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा बच्चों के लिए दो साइकिल दिलाने को कहा।
जिलाधिकारी ने परिवार को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से भी लाभान्वित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा परिवार के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई है। खुशबू के घर तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग का निर्माण भी कराया गया है।
जिलाधिकारी की पहल से अनाथ भाई-बहनों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है। प्रशासन ने परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
#बलिया #जिलाधिकारी #मंगला_प्रसाद_सिंह #मनियर #खुशबू_प्रसाद #सरकारी_योजनाएं #मुख्यमंत्री_बाल_सेवा_योजना #अंत्योदय_राशन_कार्ड #आयुष्मान_कार्ड #निःशुल्क_शिक्षा #बलिया_न्यूज़