*वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026*
*जिलेभर में पौधारोपण, जल संरक्षण सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
*वन विभाग द्वारा तुलसी के पौधों का किया गया वितरण*
*नगर परिषद द्वारा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए जागृति कार्यक्रम आयोजित*
डीडवाना-कुचामन, 5 जून।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून तक चलाये जा रहे " वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान" के अंतर्गत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में पौधारोपण, जल संरक्षण एवं जन जागरूकता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत शुक्रवार को वन विभाग द्वारा कुचामन के आनंदपुरा नर्सरी व लवकुश वाटिका, मकराना के बाजोली, परबतसर के रोहिण्डी, नावां के मिठडी, लाडनूं के मंगलपुरा स्थित नर्सरी सहित जिले की नर्सरियों में आमजन को तुलसी के पौधों का वितरण कर पौधारोपण व जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। साथ ही विभाग द्वारा नर्सरियों में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर पौधों की ग्रेडिंग इत्यादि कार्य किये गए।
इस दौरान अभियान के तहत वन विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान की पूर्व तैयारी के तहत गड्ढे खोदने, वन क्षेत्र में स्थित जल संरचनाओं से गाद निकालने एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत कार्यों को स्वीकृत व प्रारंभ किया गया।
इसी प्रकार से वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वायत शासन विभाग द्वारा जिले के शहरी क्षेत्रों में अपशिष्ट पानी को परिष्कृत करने के लिए एसटीपी संयंत्रों का आकलन एवं सफाई के लिए जन जागृति अभियान आयोजित किये गए।
अभियान के तहत नगर परिषद डीडवाना द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जन जागृति कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को कपड़े के थैले उपयोग वितरित कर प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए शपथ दिलाई गई।