सीमांकन के बाद कब्जे का आरोप, तहसीलदार से अतिक्रमण हटाने की मांग,
खसरा संख्या 335 में अवैध बुवाई का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने तहसीलदार, एसडीएम, कलक्टर व बीडीए से की तत्काल कार्रवाई की मांग,
बीकानेर। खसरा संख्या 335 में विधिवत सीमांकन होने के बावजूद कथित अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। बीकानेर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सुरधना चौहानान निवासी पवन कुमार आचार्य ने तहसीलदार बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि सीमांकन के बाद पड़ोसी ने जानबूझकर उसकी भूमि में अवैध रूप से बुवाई कर कब्जे का प्रयास किया है। मामले में तत्काल राजस्व कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार खाता संख्या 223 के अंतर्गत स्थित खसरा संख्या 335 सहित अन्य खातों का राजस्व विभाग की ओर से विधिवत सीमांकन कराया गया था। सीमांकन के दौरान संबंधित खातेदार मौके पर मौजूद रहे, मौका रिपोर्ट पर हस्ताक्षर किए तथा वीडियोग्राफी भी कराई गई। उस समय किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को प्रहलाद सिंह पुत्र रामसिंह ने सीमांकन की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि में अवैध रूप से बुवाई कर दी। विरोध करने पर भी उन्होंने बुवाई जारी रखी। इसे राजस्व अभिलेखों एवं सीमांकन प्रक्रिया की अवहेलना बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में तहसीलदार से मौके का पुनः निरीक्षण कराने, सीमांकन रिपोर्ट, मौका रिपोर्ट और वीडियोग्राफी को साक्ष्य मानते हुए अतिक्रमण हटाने, भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। मामले की प्रतिलिपि जिला कलक्टर, एसडीएम, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए), पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित राजस्व अधिकारियों को भी भेजी गई है।