गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निहोरा नगर में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। स्थिति की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को निहोरा नगर सहित प्रभावित क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर बाढ़ की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद लेखपाल और कानूनगो से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि निहोरा नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घरों में पानी पहुंच चुका है, जबकि वार्ड नंबर 11 में भी कुछ घर प्रभावित हुए हैं।
डीएम ने निर्देश दिया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराया जाए। सर्वे में प्रत्येक वार्ड में कितने मकानों में पानी पहुंचा है, कितने घर सुरक्षित हैं और कितनी गर्भवती महिलाएं प्रभावित क्षेत्र में हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाए। उन्होंने सर्वे रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम यारपुर के बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र में निरीक्षण करने नहीं पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते में पानी भर जाने के कारण आवागमन में भी काफी परेशानी हो रही है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने यारपुर के लेखपाल को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं, कानूनगो को वजीरापुर गांव का विस्तृत सर्वे कराने को कहा गया।
सर्वे में गांव में कुल घरों की संख्या, बाढ़ से प्रभावित मकानों, प्रभावित गर्भवती महिलाओं और घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हुए लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि सभी 25 वार्डों में सर्वे की निगरानी की जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंच रहे हैं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उन्हें राहत एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सर्वे कार्य में पूरी पारदर्शिता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#Balliakhabar #बलिया #बाढ़ #gangariver #FloodAlert #DmBallia #manglaprasadsingh