अब छात्र सिर्फ शिकायत करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी आवाज बुलंद करने के लिए नए अंदाज में विरोध भी कर रहे हैं। मंगलवार सुबह बलिया के सिंहाचवर जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं के खिलाफ थाली-चम्मच लेकर मुख्य द्वार पर धरना दे दिया। छात्रों ने नाश्ता करने से इनकार करते हुए मौके पर जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की।
छात्रों के इस विरोध से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रभारी प्राचार्य और शिक्षकों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर एडीएम, एसडीएम, सीओ और थाना गड़वार पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।
धरने पर बैठे छात्रों ने विद्यालय प्रशासन पर खराब भोजन, ड्रेस और कॉपी-किताब उपलब्ध न कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना था कि आधा सत्र बीत जाने के बावजूद उन्हें जरूरी शैक्षणिक सामग्री नहीं मिली है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय की लैब आज तक नहीं खोली गई है।
छात्रों ने विद्यालय परिसर में गंदगी और लंबी घास को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि घास और गंदगी के कारण जहरीले जंतु निकलते रहते हैं, जिससे छात्रों में डर बना रहता है। इसके अलावा छात्रों ने नंबर काटने और विद्यालय से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
वहीं, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य रामनारायण ने छात्रों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह लगातार बच्चों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं और छात्रों द्वारा लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।
छात्रों के इस अनोखे विरोध ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। थाली-चम्मच के साथ छात्रों का धरना अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
#genz #jawaharnavodayavidyalaya #Balliakhabar #StudentProtest #schoolnews