*ANTF का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: बीकानेर, श्रीगंगानगर और जयपुर में 5 तस्कर गिरफ्तार, डोडा-चूरा, हेरोइन और गांजा बरामद*
*डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में लगातार जारी है नशा तस्करों के खिलाफ अभियान, दो वाहन जब्त, नशे की कमाई भी बरामद*
जयपुर:कमलेश आमेटा, 9 जून राजस्थान में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में एएनटीएफ ने बीकानेर, श्रीगंगानगर और जयपुर में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, दो वाहन जब्त किए तथा बड़ी मात्रा में डोडा-चूरा, हेरोइन (चिट्टा) और गांजा बरामद किया।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
*बीकानेर में फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़े तस्कर, 19.5 किलो डोडा-चूरा बरामद*
पहली कार्रवाई बीकानेर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध वस्तु लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने एनएच-11 से राजासर गांव जाने वाले मार्ग पर निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक तेज गति से भगाने लगे और सड़क छोड़कर खेतों की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे प्लास्टिक के कट्टे से 19.500 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी*
* विक्की पुत्र लालचंद सिंधी (34 वर्ष)
* देवीलाल पुत्र ममूलाल नायक (18 वर्ष)
*श्रीगंगानगर में पंजाब से आ रही कार से 60 ग्राम हेरोइन बरामद*
दूसरी कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि पंजाब की ओर से एक कार में मादक पदार्थ की खेप लाई जा रही है।
सूचना पर टीम सादे कपड़ों में साधुवाली चेक पोस्ट पर पहुंची और नाकाबंदी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकवाया तो उसमें बैठे दोनों व्यक्ति घबराए हुए नजर आए। शक होने पर स्थानीय पुलिस को बुलाकर कार की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से 60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी*
* गुरप्रीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह (33 वर्ष)
* सुखदीप सिंह पुत्र प्रीतम सिंह (35 वर्ष)
*जयपुर में महिला तस्कर गिरफ्तार, गांजा और 17,800 रुपये बरामद*
तीसरी कार्रवाई जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि शिव नगर हाईटेंशन लाइन क्षेत्र में एक महिला अपने घर के बाहर मादक पदार्थ की पुड़ियां बेच रही है।
सूचना के सत्यापन के लिए टीम मौके पर पहुंची। वहां एक महिला के पास लोगों की आवाजाही संदिग्ध पाई गई। स्थानीय पुलिस को बुलाकर महिला की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 125 ग्राम गांजा तथा नशे के कारोबार से अर्जित 17,800 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी*
* सुनीता सांसी पत्नी रोशन कुमार (39 वर्ष)
*कार्रवाई में स्थानीय पुलिस का रहा अहम सहयोग*
इन तीनों मामलों में एएनटीएफ टीम के साथ गजनेर थाना (बीकानेर), जवाहर नगर थाना (श्रीगंगानगर) और करणी विहार थाना (जयपुर) पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एएनटीएफ मुख्यालय ने उत्कृष्ट कार्रवाई करने वाली टीमों को सम्मानित करने की घोषणा भी की है।
*जनता से अपील: नशे की सूचना दें, पहचान रहेगी गोपनीय*
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराधी, नशा तस्कर या अवैध गतिविधि की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9261225056 अथवा हेल्पलाइन 0141-2502877 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।