सागर नकली शराब मामला: 3 आबकारी अधिकारी निलंबित, 1 मुख्यालय अटैच; बंडा थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भी निलंबित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सख्ती के बाद कार्रवाई तेज, बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में नकली शराब से मौतों का मामला
भोपाल सागर जिले की बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में नकली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है। इसके साथ ही बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित कर दिया गया है।
आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे ,सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त के आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया है। वहीं उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।
पुलिस अधिकारियों पर भी गिरी गाज
मामले में प्रशासन ने बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद नकली शराब मामले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जिम्मेदारी तय किए जाने के संकेत मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 सितंबर की सुबह ही घटना को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा था कि मामले में दोषी किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जांच और कार्रवाई पर नजर
सागर के बंडा क्षेत्र में हुई मौतों के मामले में प्रशासन और पुलिस की जांच जारी है। नकली शराब की सप्लाई से लेकर घटना में जिम्मेदारी तय करने तक विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद अब इस मामले में आगे और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
#Sagar #NakliSharab #MadhyaPradesh #MohanYadav #BreakingNews