संत घाट छठ घाट को सुरक्षित और स्वच्छ बनाना नगर निगम की पहली प्राथमिकता: गरिमा देवी सिकारिया (महापौर), बाढ़ से हुए नुकसान के बाद छठ व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी, जलकुंभी और सेवार घास हटाकर की जा रही घाट की सफाई...
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बेतिया नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने शहर के ऐतिहासिक संत घाट छठ घाट का अधिकारियों और निगम कर्मियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर चल रहे सफाई, सुरक्षा, सुधार और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि बीते माह गंडक नदी में आई बाढ़ के कारण चंपारण तटबंध टूटने से चंद्रावत नदी के संत घाट क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैल गया था। इससे छठ घाट को काफी नुकसान पहुंचा और घाट परिसर में गंदगी जमा हो गई। ऐसी स्थिति में इस वर्ष छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम विशेष तैयारी कर रहा है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि संत घाट को सुरक्षित और स्वच्छ बनाना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। घाट के पानी से जलकुंभी और सेवार प्रजाति की घास को हटाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। चंद्रावत नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए घाट पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम भी किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान महापौर ने पूजा समिति की ओर से कराई जा रही आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन में प्रशासन के साथ-साथ पूजा समितियों और आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। महापौर ने संत घाट को वार्ड संख्या 2, 3, 12, 14, 15 और 16 सहित कई वार्डों के हजारों छठ व्रतियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए इसे बेतिया के ऐतिहासिक गौरव का प्रतीक बताया।
#champaran24news