प्रेस नोट – जिला पलवल
दिनांक: 07 नवंबर 2026
सीआईए स्टाफ पलवल की दोहरी कार्रवाई, अवैध देशी कट्टे सहित युवक गिरफ्तार, हथियार सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भी दबोचा
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जेल।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों में अवैध हथियारों की धरपकड़ और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ पलवल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने अवैध देशी कट्टा रखने वाले युवक को गिरफ्तार करने के साथ-साथ उसे हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को भी काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ध्रुव तथा हथियार सप्लाई करने वाले अजय पुत्र गजराज निवासी शमशाबाद के रूप में हुई है।
सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को सीआईए स्टाफ पलवल के मुख्य सिपाही छोटू राम अपनी टीम के साथ देवीलाल पार्क कैंप क्षेत्र में गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि ध्रुव नामक युवक अवैध हथियार लेकर गंदा नाला के पास सरकारी नर्सरी के नजदीक खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवक ध्रुव को टीम ने काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। हथियार के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिलने पर थाना कैंप पलवल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की आगामी जांच सीआईए स्टाफ के मुख्य सिपाही नवीन द्वारा की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ध्रुव ने खुलासा किया कि उसने उक्त अवैध देशी कट्टा अजय पुत्र गजराज निवासी शमशाबाद से खरीदा था। आरोपी के खुलासे के आधार पर सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 नवंबर 2026 को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी अजय को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Palwal, Palwal | Nov 7, 2026