विश्व प्रसिद्ध सूर्य नगरी देव में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का कार्य शुरू
देव (औरंगाबाद):- विश्व प्रसिद्ध सूर्य नगरी देव में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का कार्य शुरू हो गया है।
छठ महापर्व के तीसरे दिन सूर्य मंदिर तालाब और आसपास के घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। व्रती सूप-डाला में ठेकुआ, फल, नारियल और प्रसाद लेकर घाटों पर पहुंच गए हैं और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर रहे हैं।
पूरी देव नगरी में छठ के गीत गूंज रहे हैं और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत के बीच पूरी श्रद्धा के साथ अर्घ्य की परंपरा निभा रहे हैं।
घाटों पर सुरक्षा, सफाई, लाइटिंग और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन और पूजा समितियों के स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं।
सोमवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।