बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी दो पंचायत के वार्ड संख्या चार स्थित बेगमसराय गांव में बुधवार रात स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। जब खाना बनाने के दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण एक फूस के झोपड़ीनुमा घर में अचानक आग लग गई। इस घटना में रसोई में मौजूद मोहम्मद अनवर की पुत्री मुसल्लत परवीन झुलस गईं और लगभग 50,000 रुपये का सामान जलकर क्षति हो गया।
मुसल्लत परवीन ने बताया कि वे मसाला भून रही थीं, तभी अचानक आग लग गई और देखते ही देखते सब कुछ अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में वह झुलस गईं। उनके पिता मोहम्मद अनवर ने बताया कि शाम को गैस सिलेंडर लाकर दिए थे और खाना बनाते समय ही गैस में आग लग गई।
उन्होंने ने कहा कि आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बढ़ती जा रही थीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पंप सेट, चापाकल और लगभग 100 मीटर दूर से बालू लाकर आग पर काबू पाने के लिए फेंका और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
स्थानीय निवासी मोहम्मद परवेज, मोहम्मद असगर, मोहम्मद दानिश सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि आग की धधक और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और पानी व बालू की मदद से आग बुझाने में जुट गए। इस घटना की सूचना अग्निशमन टीम को भी दी गई, लेकिन उनके पहुंचने में देरी हुई। हालांकि, तब तक स्थिति सामान्य हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया दीपांकर कुमार और पैक्स अध्यक्ष मनीष कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया और हर संभव सहायता की उम्मीद जताई।