जलभराव से मुक्ति के लिए युद्धस्तर पर काम के आदेश, सीटीएम बोले, कचरा न फेंकें, सफाई में सहयोग करें नागरिक
पानी निकासी में आ रही रुकावटों का तुरंत करें समाधान, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त - सीटीएम पीयूष गुप्ता
बारिश के बीच नालों की सफाई का जायजा लेने सड़कों पर उतरे नगराधीश, दिए कड़े निर्देश
शहर के विष्णु नगर, रेलवे कॉलोनी, लाजपत नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण
यमुनानगर।
मानसून की आहट के साथ ही शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार नालों की सफाई का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बारिश के बीच नगराधीश (सीटीएम) पीयूष गुप्ता ने खुद सड़कों पर उतरकर शहर के विभिन्न इलाकों में नालों की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ शहर के विष्णु नगर, रेलवे कॉलोनी, लाजपत नगर सहित कई जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया और सफाई कार्य की जमीनी हकीकत जांची।
निरीक्षण के दौरान सीटीएम पीयूष गुप्ता ने नगर निगम के कनिष्ठ अभियंता अरविंद कुमार, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा व जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ नालों की स्थिति को देखा और सफाई व्यवस्था में पाई गई कमियों को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में जहां कहीं भी नालों के भीतर पानी की निकासी में रुकावट है, उसे बिना किसी देरी के तुरंत दूर किया जाए। सभी प्रमुख और छोटे नालों की सफाई का काम युद्धस्तर पर चलाकर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि जनता को जलभराव से परेशान न होना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने सीवरेज ब्लॉकेज की शिकायतों का तुरंत संज्ञान लेकर उन्हें साफ करने के आदेश दिए।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने स्थानीय निवासियों से भी सीधे बातचीत की और जलभराव के संबंध में उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। सीटीएम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से नालों में पॉलिथीन, प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरा न फेंकने का आग्रह किया। उन्होंने समझाया कि कचरा फेंकने से नाले ब्लॉक हो जाते हैं, जिससे मामूली बारिश में भी पानी सड़कों और घरों में घुस जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी के कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी फील्ड में रहकर नियमित नालों व सीवरेज सफाई का जायजा लें। जहां भी सीवरेज व नाला ब्लॉक नजर आए, तुरंत उसकी सफाई कराएं। ताकि बारिश होने पर जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
फोटो - नालों की सफाई का जायजा लेते नगराधीश पीयूष गुप्ता।
- अधिकारियों को निर्देश देते नगराधीश पीयूष गुप्ता।