मुहम्मदाबाद गोहना में बदल रहा बहुजन सियासत का समीकरण! आजाद समाज पार्टी की लोकल प्रत्याशी प्रेम चंद प्रधान के एंट्री से बसपा के सामने नई चुनौती
मऊ। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मुहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में बहुजन राजनीति का समीकरण एक बार फिर चर्चा में है। आजाद समाज पार्टी ने चिरैयाकोट निवासी प्रेमचंद्र प्रधान को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है। प्रत्याशी की स्थानीय पहचान के बीच अब क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।
वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने 5 जुलाई 2026 को आजमगढ़ जनपद के जहानागंज निवासी अक्षयदीप कुमार उर्फ जे.के. आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया था। घोषणा के समय स्थानीय स्तर पर बाहरी प्रत्याशी को लेकर विरोध के स्वर उठने की बात सामने आई थी। इसके बाद से जे.के. आजाद को स्थानीय प्रत्याशी की मांग और अपनी स्वीकार्यता को लेकर राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
आजाद समाज पार्टी के मैदान में उतरने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बसपा से नाराज स्थानीय कार्यकर्ताओं और युवाओं का कोई हिस्सा आजाद समाज पार्टी की ओर रुख करेगा? यदि ऐसा होता है तो इसका असर दोनों दलों के संगठन और चुनावी समीकरण पर पड़ सकता है।
दूसरी ओर बसपा के सामने अपने प्रत्याशी को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने, संगठन को एकजुट रखने और जनता के बीच पकड़ बनाने की चुनौती होगी। अब आने वाले दिनों में दोनों दलों की सक्रियता और स्थानीय मुद्दों पर उनकी रणनीति से ही साफ होगा कि मुहम्मदाबाद गोहना की बहुजन राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है।
#chandrashekhar_azad_ravan #2027Elections #maunews #UPNews #BJPUttarPradesh #muhammdabadgohna #CMYogi #BSP #samajvadipartyuttarpradesh
Muhammadabad Gohna, Mau | Sep 21, 2026