पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में खंड स्तरीय युवा संसद का आयोजन
पंचकूला, 19 अगस्त : पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में आज खंड स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को युवा संसद के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। संसदीय कार्यवाही के विभिन्न महत्वपूर्ण चरणों, जैसे अध्यक्ष का आसन ग्रहण, शपथ ग्रहण, प्रश्नकाल, प्रश्नों पर चर्चा, मंत्रियों द्वारा उत्तर, जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श तथा सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस को प्रस्तुत किया गया।
युवा संसद की कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने सत्ता पक्ष से विभिन्न जनहित के मुद्दों पर तीखे एवं तथ्यपरक सवाल पूछे गए। सत्ता पक्ष की ओर से भी इन सवालों का जिम्मेदारी, संयम और संसदीय मर्यादा के साथ जवाब दिया गया। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान अपनी भूमिकाओं का निर्वहन गंभीरता, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ किया।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक श्री राजेश ने निर्णायक मंडल के सदस्य एवं जज के रूप में शिरकत की तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को युवा संसद के महत्व तथा संसदीय कार्यवाही के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनका मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर प्राध्यापक जयवीर रंगा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय संसदीय व्यवस्था में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार के साथ-साथ एक सशक्त विपक्ष का होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि हमारी लोकसभा दुनिया की सबसे बड़ी पंचायत के रूप में कार्य करती है, जहां जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है तथा देश के लिए नीतियों और कानूनों का निर्धारण किया जाता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ने अतिथि श्री राजेश का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक सोच, अभिव्यक्ति कौशल तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक एवं व्यावहारिक समझ विकसित करना तथा संसदीय व्यवस्था को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाना था। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा स्वस्थ बहस, प्रश्न पूछना, उत्तरदायित्व, संवाद और जनहित संसदीय लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिकाएं निभाईं। उपस्थित अतिथि एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा इस प्रकार के कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।