श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में लहराएगा 72 फुट ऊंचा तिरंगा
विश्वविद्यालय प्रशासन और फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम ने ध्वज स्थल का किया निरीक्षण
कुरुक्षेत्र, 12 अक्तूबर। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय परिसर में सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर जल्द ही 72 फुट ऊंचा विशाल राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराएगा। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा फ्लैग पोल से संबंधित आवश्यक सामग्री विश्वविद्यालय पहुंचा दी गई है। तकनीकी ड्राइंग के अनुरूप फ्लैग पोल के फाउंडेशन का कार्य जल्द ही आरंभ हो जाएगा। हाल ही में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान तथा फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की टीम ने ध्वज स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान फ्लैग पोल की तकनीकी संरचना, सुरक्षा मानकों और स्थापना प्रक्रिया पर चर्चा की गई। अब शीघ्र ही फ्लैग पोल स्थापित कर विश्वविद्यालय परिसर में विशाल तिरंगा फहराया जाएगा।
इस अवसर पर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि यह विशाल तिरंगा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इससे यहां पढ़ने वाले युवाओं में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय मूल्यों और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक मजबूत होगी तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा मिलेगी।
सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) ने कहा कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि राष्ट्रीय ध्वज भारत के गौरव और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। विशाल तिरंगा प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में 'राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान-2026' चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया देशभर में 230 से अधिक विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कर चुकी है, जिन्होंने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सशक्त किया है।