समाधान शिविर में सीटीएम सुरेश कुमार ने सुनी आमजन की समस्याएं
करनाल, 12 अक्तूबर। सीटीएम सुरेश कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
सीटीएम सुरेश कुमार सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान आमजन की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल स्तरों पर हर सोमवार और वीरवार को प्रातः10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इन निर्धारित दिनों पर समाधान शिविर में पहुंचकर समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित समाधान शिविरों में 10 समस्याएं प्राप्त हुईं हैं जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैंं। इनमें करनाल मुख्यालय पर 6,नीलोखेड़ी व इंद्री उपमंडल में एक-एक शिकायत प्राप्त हुई। असंध उपमंडल में 2 शिकायत प्राप्त हुई। वहीं घरौंडा उपमंडल में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने लोगों से अपील की वे समस्याओं के समाधान के लिए हर सोमवार व वीरवार को आयोजित किए जाने वाले समाधान शिविरों में रखें।
ये आई समस्याएं
करनाल मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में निर्मला देवी अवैध कब्जा हटवाने बारे,माया राम पीएम आवास योजना के तहत लिस्ट में नाम आने पर कोई फायदा न मिलने की शिकायत, सिरसी निवासी हेमा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत, विक्रमजीत सिंह पंचायत विभाग से संबंधित शिकायत, पवन कुमार गांव साम्भली में तहसीलदार से संबंधित शिकायत, बलखार पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत को लेकर पहुंचे। असंध उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में रोहित व मंजू गर्ग परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायत को लेकर पहुंचे। नीलोखेड़ी उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में सोनू कुमार परिवार पहचान पत्र में जन्म तिथि को ठीक करवाने की शिकायत, वहीं इंद्री उपमंडल में आयोजित समाधान शिविर में स्नेलता परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि को ठीक करवाने की शिकायत को लेकर पहुंचे।
Thanesar, Kurukshetra | Oct 12, 2026