#बालाघाट
दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान: पहले दिन पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन की दी जानकारी
मध्य प्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण के प्रथम दिवस सोमवार को विकासखंड बालाघाट के विभिन्न ग्रामों में पशुपालकों से सीधा संवाद कर उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन के लिए जागरूक किया गया।
विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पुशाम ने ग्राम कोचेवाड़ा, बुढ़िया गांव एवं अत्री का भ्रमण कर पशुपालकों से संपर्क स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, नस्ल सुधार कार्यक्रम तथा संतुलित पशुपोषण (आहार प्रबंधन) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने से पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है, जिससे पशुपालकों की आय भी बढ़ती है।
अभियान के दौरान श्री अशुल नागोसे, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी, लामता, के साथ गौ सेवक एवं गौ मैत्री भी उपस्थित रहे। टीम ने पशुपालकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
भ्रमण के दौरान ग्राम कोचेवाड़ा के सरपंच श्री सुशील कटरे तथा बुढ़िया गांव के सरपंच श्री लखन लाल बघेले से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की गई। इस अवसर पर दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के उद्देश्यों, पशुपालकों के हित में संचालित विभागीय गतिविधियों तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विभाग ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विकासखंड के विभिन्न गांवों में पहुंचकर पशुपालकों से सीधा संवाद किया जाएगा तथा उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #mp_husbandry
13 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 13, 2026