राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
जहानाबाद। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला पदाधिकारियों के साथ राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम (एसएलएसपी) की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में 11 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी जिलों को निर्देश दिया गया कि राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के लिए चयनित सभी आवेदकों को 11 अगस्त की सुबह आठ बजे तक निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कार्यक्रम की तिथि, समय एवं स्थल की सूचना समय रहते उपलब्ध कराने तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कहा गया कि चयनित सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए संबंधित विभाग अद्यतन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से सहयोग पोर्टल पर अपलोड करें। प्रत्येक मामले का विभागीय स्तर पर सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने जिले के सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम से जुड़े प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर उसका गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित आवेदकों को समय पर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने, सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने तथा सहयोग पोर्टल पर अद्यतन प्रतिवेदन अपलोड करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और मुख्यमंत्री द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सहयोग कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र आवेदक को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल, सुगम और प्रभावी ढंग से मिल सके।