नशे के अवैध कारोबार में कैमूर की महिलाओं की बढ़ रही है भागीदारी, शराब से गांजा तस्करी में कई गिरफ्तार
कैमूर जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में अब महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आने लगी है. हाल के दिनों में शराब से लेकर गांजा तस्करी तक के मामलों में महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने महिला संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर बढ़ा दी है.
पहले ऐसे मामलों में मुख्य रूप से पुरुषों की गिरफ्तारी सामने आती थी, लेकिन जिले में लगातार सामने आ रहे मामलों ने पुलिस की जांच का दायरा महिलाओं तक भी पहुंचा दिया है.
पिछले माह सोनहन थाना क्षेत्र में एक महिला को शराब के साथ पकड़ा गया था. इसके बाद सोमवार को मोहनिया थाना क्षेत्र के भरखर गांव की एक महिला को भी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं, सोमवार को ही कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 13 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया. गांजा की इतनी बड़ी खेप के साथ महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस मामले को लेकर भी जांच कर रही है.
कुदरा में गांजा के साथ गिरफ्तार महिला मोहनिया में शराब के साथ गिरफ्तार महिला
रेलवे क्षेत्र में भी सामने आया महिलाओं का कनेक्शन
नशे की तस्करी में महिलाओं की संलिप्तता का मामला रेलवे क्षेत्र में भी सामने आ चुका है. पिछले माह भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नौ महिलाओं को शराब के साथ पकड़ा था. एक साथ इतनी संख्या में महिलाओं की शराब के साथ गिरफ्तारी के बाद रेलवे मार्ग से शराब की तस्करी में महिलाओं के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस की नजर गयी.
कैमूर में सामने आये इन मामलों के बाद पुलिस अब शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में केवल पुरुष संदिग्धों पर ही निर्भर नहीं है. महिला संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस की कार्रवाई में कभी शराब तो कभी गांजा के साथ महिलाओं के पकड़े जाने से यह पहलू जांच का हिस्सा बन गया है.
तस्करी में महिलाओं की क्या भूमिका, जांच जारी
पुलिस के सामने यह भी जांच का विषय है कि महिलाओं की भूमिका नशे के इस अवैध कारोबार में किस तरह की है. क्या महिलाएं खुद इस कारोबार में शामिल हैं या तस्करी से जुड़े गिरोह उन्हें एक जगह से दूसरी जगह सामान पहुंचाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, इसकी जानकारी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद सामने आ सकती है.
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच में महिला संदिग्धों पर भी पुलिस का फोकस बढ़ गया है. शराब और गांजा तस्करी के मामलों में महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद उनके संपर्क और भूमिका की जांच करना भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो गया है.
क्या कहते हैं मोहनिया थानाध्यक्ष
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि नशे के कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता के मामले सामने आ रहे हैं. इसे देखते हुए पुलिस ऐसी महिलाओं पर विशेष नजर रख रही है.
Hardoi, Hardoi | Oct 6, 2026