गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारी बैठक सम्पन्न
27 जुलाई को जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा प्रार्थना पत्र
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 4 जुलाई गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर शनिवार को विधायक कार्यालय, भीलवाड़ा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान तथा 27 जुलाई 2026 को जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपने की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ गौ माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं जनसहभागिता को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अभियान के सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के मूल उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा अधिक से अधिक गौभक्तों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया।
बैठक में परम गौ भक्त सुनील जागेटिया, भगवान सिंह चौहान, एवं नंदकिशोर तेली सहित वक्ताओं ने कहा कि यह पूर्णतः अहिंसक, जनजागरण एवं राष्ट्रहित का अभियान है, जिसका उद्देश्य गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है।
बैठक में बताया गया कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार एवं सभी राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहकर सम्पूर्ण भारतीय देशी गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने का आग्रह किया जाएगा। इसके अंतर्गत भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्र माता का सम्मानित दर्जा देने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून लागू कर केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन करने, गोचर बोर्ड की स्थापना, चारा सुरक्षा नीति लागू करने, गौ आधारित कृषि को प्रोत्साहन देने तथा देशी गोवंश से प्राप्त पंचगव्य उत्पादों के निर्माण एवं विपणन को बढ़ावा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं से 27 जुलाई को अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने-अपने क्षेत्रों से अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया गया।
बैठक का संचालन बाबू लाल टाक ने किया।
बैठक में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहसील प्रभारी गोवत्स लाल जी महाराज ने अध्यक्षता की तथा परम गौभक्त सुनील जागेटिया , भगवान सिंह चौहान, जिला प्रचारक जगदीश तेली, शिक्षाविद विवेक निमावत, विश्वनाथ प्रताप सिंह,नंदकिशोर तेली,अंबालाल कुमावत व राजेश रांका गंगापुर, निरंजना सोनी, मधुबाला यादव, कविता छीपा, बहादुर सिंह, राकेश गैंगट, छितरमल गैंगट, रामजीलाल माली, डॉ. प्रकाश शर्मा,मुकेश शर्मा मंगलपुरा , गोवर्धन सिंह कटार सत्यनारायण प्रजापत सुधांशु जैन गजेंद्र सिंह राठौड़ , सत्यनारायण गुग्गड , संजय राठी, राजकुमार ईनानी , कमल कोठारी, रमेश मूंदड़ा, संदीप तोतला, राहुल नायक, दिलीप सोनी, प्रिंस जैन, अजय पाराशर सहित अनेक गौभक्त एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में गौ सम्मान आह्वान अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।