75 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का लाभ उठाने के लिए 29-30 अगस्त को भी खुले रहेंगे निगम के सीएफसी केंद्र : मेयर सुमन बहमनी
यमुनानगर। प्रॉपर्टी टैक्स पर 75 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का लाभ अधिक से अधिक शहरवासियों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है। योजना के तहत नागरिकों को सुविधा देने के लिए नगर निगम कार्यालय के तीनों नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) 29 और 30 अगस्त को भी सामान्य कार्यदिवसों की तरह खुले रहेंगे। इस संबंध में निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
मेयर सुमन बहमनी ने शहरवासियों से अपील की कि वे सरकार की ओर से दी जा रही प्रॉपर्टी टैक्स पर 75 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार और रविवार को भी सीएफसी केंद्र खुले रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि किसी को टैक्स जमा करवाने में परेशानी न हो।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम की ओर से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रॉपर्टी टैक्स शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत है। इसलिए नागरिक समय पर अपना टैक्स जमा करवाकर निगम के विकास कार्यों में सहयोग करें और सरकार की ब्याज माफी योजना का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि 29 व 30 अगस्त को तीनों सीएफसी केंद्र सामान्य दिनों की भांति खुले रहेंगे। साथ ही एनडीसी शाखा से संबंधित सभी अधिकारी व कर्मचारी उक्त दोनों तिथियों में कार्यालय में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने या संबंधित सेवाएं लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
मेयर ने कहा कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक नागरिक निर्धारित अवधि में अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाएं। उन्होंने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि नागरिकों को योजना का लाभ लेने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।
फोटो कैप्शन -
जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी।
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।