खिजरी पहुंच पथ के घटिया निर्माण की जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई करे प्रशासन : विधायक भूषण बाड़ा
सिमडेगा। विधायक भूषण बाड़ा ने खिजरी पहुंच पथ के कालीकरण सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण पूरा होने के महज एक सप्ताह के भीतर ही कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है, जो निर्माण कार्य में अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग को दर्शाता है।विधायक ने कहा कि स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने निगरानी में गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने जिला प्रशासन से तकनीकी जांच कर दोषी संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की।भूषण बाड़ा ने नगर परिषद द्वारा जैम पोर्टल से खरीदी गई स्ट्रीट लाइटों में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई स्ट्रीट लाइट की गुणवत्ता और कीमत को लेकर संदेह है तथा खरीद प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे मामले को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के समक्ष उठाकर उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे।विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है