# जयपुर थाना का एसपी अमितेश कुमार ने किया वार्षिक निरीक्षण, जनसुनवाई में फरियादियों की सुनी समस्याएं
**बांका।**
बांका पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने गुरुवार को जयपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के साथ ही एसपी ने थाना परिसर में आम जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्यप्रणाली, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया गया।
जनसुनवाई के दौरान जयपुर थाना क्षेत्र से पहुंचे आम नागरिकों और फरियादियों से एसपी ने एक-एक कर मुलाकात की। उनकी शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, एसपी ने थानाध्यक्ष को नियमित वाहन जांच, चेक पोस्ट पर सघन जांच, गश्ती और अपराधियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ शराब, अवैध हथियार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन करने, अनुसंधान में तेजी लाने और प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। साथ ही थाना भवन की भौतिक स्थिति, रखरखाव और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करने की हिदायत दी।
इस मौके पर बेलहर एसडीपीओ, कटोरिया पुलिस अंचल निरीक्षक, जयपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
**News banka 2:0**
#BankaPolice #BiharPolice #SPBanka #JaipurThana #PublicHearing
Amarpur, Banka | Nov 5, 2026