फरीदाबाद, 23 अगस्त
Aonenews अरविन्द बक्शी
अशोक मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संस्थापक स्व. गिरधारी लाल सचदेवा की पुण्य तिथि पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्कूल परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया । इस बार भी स्त्री संघ के लिए मुफ्त मेमोग्राफ़ी की सुविधा को उपलब्ध कराया गया। जिसमें 125 स्त्रियों की मैमोग्राफी की गई।इस शिविर में नेत्र रोग,हड्डी रोग,स्त्री रोग तथा ह्रदय रोग विशेषज्ञ ने अपनी सेवाएँ प्रदान की।इस शिविर का आयोजन सर्वोदय हॉस्पिटल (sector 8)और राजीव गांधी कैंसर संस्थान के सहयोग से किया गया।
रक्त दान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें 75 रक्तवीरों ने रक्त दान किया। दिव्यांगों को ट्राईसाईकिल व व्हील चेयर वितरित किया गया।कुल 9 ट्राइसाइकिल तथा 7व्हील चेयर का वितरण किया गया।इस शिविर का शुभारंभ चेयरमैन विनोद सचदेवा तथा मैनेजर श्रीमती गीता सचदेवा ने रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर मोतियाबिंद का लेंस वाला ऑपरेशन भी नि:शुल्क करवाया जाता है। उपस्थित छात्र-छात्राओं व आए हुए अतिथियों को सम्बोधित करते हुए स्कूल के चेयरमैन विनोद सचदेवा ने कहा कि स्कूल के संस्थापक स्व. गिरधारीलाल जी पर्यावरण प्रेमी भी थे। अपने पूरे जीवन उन्होंने पर्यावरण की भलाई के लिए अनेक कार्य किए।इसी क्रम में प्रति वर्ष ' तरु भेंट ' कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 1100 पौधे आस पास के इलाके में वितरित किए गए और विद्यालय के द्वारा लगवाए भी गए ।
मैनेजर श्रीमती गीता सचदेवा ने कहा कि विद्यालय में चलने वाले माता संतोष देवी सिलाई केंद्र में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सिलाई सिखाई जाती है और उन्हें सर्टिफिकेट देने के साथ सिलाई मशीन भी दी जाती है ताकि वह स्वतंत्र रूप से अपना कार्य प्रारंभ कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।इस वर्ष भी 20 महिलाओं को हाथ वाली सिलाई मशीन तथा 7 महिलाओं को पैर से चलने वाली सिलाई मशीन भेंट की गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों का चेयरमैन विनोद सचदेवा तथा प्रिंसिपल श्रीमती ममता सिंह ने पौधे व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मैनेजिंग कमेटी के सदस्य गण प्रेम सागर, प्रमोद सचदेवा, श्रीमती स्नेह सचदेवा के साथ श्रीमती प्रतिमा ओबेरॉय ,श्रीमती विभूति जस्सल,श्रीमती प्रीती तनेजा के साथ वॉरियर्स सर्विस क्लब के अध्यक्ष पुष्पेंद्र खरबंदा,सचिव कुलदीप सिंह मथारु एवं कोषाध्यक्ष अजय गुप्ता के साथ रोटरी क्लब के पदाधिकारी भी थे ।इनके साथ समस्त स्कूल स्टाफ व पदाधिकारी मौजूद थे।