संत रविदास जी ने की थी समरस और आदर्श समाज की कल्पना: सुरेंद्र कुमार
जन्मजयंती आयोजन समिति ने राजकीय संस्कृति स्कूल गोविंदपुरी में आयोजित किया व्याख्यान
विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन और विचारों से कराया परिचित
यमुनानगर। संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जन्मजयंती आयोजन समिति की ओर से शुक्रवार को राजकीय संस्कृति स्कूल, गोविंदपुरी में व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संत रविदास जी के जीवन परिचय, धर्मपरायण जीवन और श्रम को प्रधान मानने वाले विचारों को जन-जन तक पहुंचाना था, ताकि उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में भ्रातृत्व और समरसता का भाव सुदृढ़ हो सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत रविदास जी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में समरसता गतिविधि के विभाग संयोजक सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने संत रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी सादा जीवन और उच्च विचारों में विश्वास रखते थे। उन्होंने अपने जीवन में श्रम को विशेष महत्व दिया तथा ईमानदारी और मेहनत को प्राथमिकता दी।
सुरेंद्र कुमार ने कहा कि संत रविदास जी किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नहीं आए और सदैव अपनी मेहनत की कमाई से जीवनयापन करते रहे। उन्होंने अपने सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था रखी। संत रविदास जी के ज्ञान और सादगी से प्रभावित होकर अनेक लोग उनके अनुयायी बने।
उन्होंने बताया कि संत रविदास जी ने ‘बेगमपुरा’ नामक ऐसे आदर्श नगर की कल्पना की थी, जहां किसी को किसी प्रकार का कष्ट न हो, कोई भूखा न रहे, सभी लोग मिल-जुलकर रहें और समाज में समरसता का भाव मजबूत हो। उन्होंने कहा कि आज हम अपने राष्ट्र के जिस परम वैभव की कल्पना करते हैं, उसकी झलक संत रविदास जी ने सैकड़ों वर्ष पहले ही अपने विचारों में प्रस्तुत कर दी थी।
विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आधुनिक युग में विद्यार्थियों को ऐसे संतों के जीवन और विचारों की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक योगदान दे सकें। कार्यक्रम में राजीव कुमार, सुशील कुमार, संजीव कुमार, समरसता मंच की प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मीनू, महिला प्रमुख नीरू चौहान, जिला संयोजक प्रहलाद (कुटुंब प्रबोधन) तथा नगर संयोजक नीरज कालड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन - कार्यक्रम में संबोधित करते वक्ता सुरेंद्र