विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं आधारभूत सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन की पहल तेज। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, बच्चों को पढ़ाकर किया उत्साहवर्धन एवं ग्रामीणों से किया संवाद कर बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने का किया अपील।
जमुई: जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय निरीक्षण अभियान को निरंतर गति दी जा रही है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आज जिले के जिला स्तरीय सभी वरीय पदाधिकारियों, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने विभिन्न विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण कर धरातलीय स्थिति का जायजा लिया।
इस निरीक्षण अभियान का नेतृत्व करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्वयं लक्ष्मीपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय केनुहट, बरहट प्रखंड के प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिशनपुर तथा राजकीय बुनियादी विद्यालय, नुमर का निरीक्षण किया।
वहीं अपर समाहर्ता ने जमुई बाजार स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय तथा अनुमंडल पदाधिकारी ने नवीन प्राथमिक विद्यालय, अंबा शिव पोखर का निरीक्षण किया।
आज के इस निरीक्षण के दौरान शिक्षकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा, स्वच्छता, शौचालय, बिजली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं तथा विद्यालय के अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। जिला पदाधिकारी ने कक्षा में जाकर स्वयं बच्चों को पढ़ाया और उनसे संवाद करते हुए उनकी विषयगत समझ एवं ज्ञान के स्तर को परखा। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों की वास्तविक स्थिति और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों से भी जिला पदाधिकारी ने सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से विद्यालय के पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति एवं बच्चों की नियमितता के संबंध में जानकारी ली तथा उनके सुझाव सुने। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालय भेजने और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि जिला समन्वय समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को एक-एक विद्यालय गोद लेकर उसकी शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का निर्देश दिया था। इसी पहल के तहत लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को चिन्हित करते हुए सुधार की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। निरीक्षण के क्रम में विद्यालयवार आधारभूत आवश्यकताओं का भी आकलन किया जा रहा है तथा अतिरिक्त कक्ष, शौचालय, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता एवं कमियों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, बेहतर एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रशासन शिक्षा को जिले के सर्वांगीण विकास और नए जमुई के निर्माण का प्रमुख आधार मानते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत संरचना और विद्यालयों की कार्यसंस्कृति में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से पुनः अपील की है कि वे बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि सरकार द्वारा नवनियुक्त योग्य एवं प्रतिभावान शिक्षकों की क्षमता और शैक्षणिक कौशल का पूरा लाभ विद्यार्थियों को मिल सके।
Khaira, Jamui | Sep 11, 2026