संविधान दिवस पर हुआ 'विकसित भारत युवा संवाद' कार्यक्रम का आयोजन
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जाटव के मुख्य आतिथ्य में माधव विधि महाविद्यालय में हुआ संवाद
संविधान दिवस के अवसर पर स्थानीय माधव विधि महाविद्यालय में 'विकसित भारत युवा संवाद' (संविधान दिवस संस्करण) का आयोजन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव के मुख्य आतिथ्य में 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) केन्द्र द्वारा गुरुवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान है, जो हमें हमारे मौलिक अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में आज के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, और उन्हें संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीति पांडे ने की। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल सिद्धांतों को समझना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर यूथ आइकॉन श्री सोमेश बड़वानी ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी विशेषताओं एवं महत्व को विस्तार से समझाया। साथ ही युवाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और 'माय भारत' पोर्टल के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में युवाओं को डिजिटल माध्यमों के सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन माय भारत केंद्र से जुड़े सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में माय भारत केन्द्र के अधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित रहे।
#gwalior
PRO Gwalior
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh