आमजनों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी ने की जनसुनवाई।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
इसी क्रम में आज दिनांक 28 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 11 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई में थाना-गोविन्दपुर, ग्राम-कुण्डा निवासी पूजा कुमारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना-अकबरपुर, ग्राम-केन्दुआ निवासी सुदामा राम द्वारा भूमि विवाद, थाना-मुफस्सिल, ग्राम-गोडधोवा निवासी नवल पासवान द्वारा म्यूटेशन रिजेक्ट कराने तथा थाना-कादिरगंज, ग्राम-आंती निवासी इन्दू देवी द्वारा जे.पी. सेनानी पेंशन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें तथा परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराएँ।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 28, 2026