👉#26.32 करोड़ की लागत से शाहजहाँपुर को मिली विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं की सौगात, परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम का हुआ भव्य लोकार्पण
==वित्त मंत्री ने सांसद के साथ किया लोकार्पण, खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय खेल सुविधाएँ
शाहजहाँपुर।जनपद के खिलाड़ियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात शनिवार को मिली, जब उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ₹2632.76 लाख की लागत से विकसित परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर तरणताल, बैडमिंटन कोर्ट एवं कबड्डी इंडोर हॉल का उद्घाटन किया तथा बटन दबाकर 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के शिलापट्ट का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट में खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। खिलाड़ियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि अब आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ लेने के लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।कार्यक्रम में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने मुख्य अतिथि का पटका एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया, जबकि अन्य अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्टेडियम में कराए गए निर्माण कार्यों एवं विकसित की गई आधुनिक खेल सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।अपने संबोधन में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के सतत मार्गदर्शन और सहयोग से शाहजहाँपुर में खेल अवसंरचना सहित अनेक विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जिला खेल प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर प्रतिमाह लगभग 5 से 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के 9 खिलाड़ियों का राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में शाहजहाँपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। खेल, सड़क, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से हुए विकास कार्य जनपद की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने स्टेडियम सहित विभिन्न परियोजनाओं के लिए वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माहिका खन्ना ने कहा कि इतने आधुनिक खेल परिसर को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम भविष्य में शाहजहाँपुर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिली प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि यहां आयोजित प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें।अपने संबोधन में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर का यह आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम केवल जिले ही नहीं बल्कि पूरे बरेली मंडल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, अत्याधुनिक स्विमिंग पूल, बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, कबड्डी इंडोर हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट पिच, दर्शक दीर्घा, सेल्फी प्वाइंट, सीसीटीवी निगरानी सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का संरक्षण और रखरखाव सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने घोषणा की कि स्टेडियम में शीघ्र ही जनरेटर की व्यवस्था कराई जाएगी तथा हॉकी क्लब की स्थापना भी की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को और बेहतर प्रशिक्षण का वातावरण मिल सके।वित्त मंत्री ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने वाराणसी के ओलंपियन ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा डिप्टी एसपी के पद पर सीधी नियुक्ति दिए जाने का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, उपसभापति वेदप्रकाश मौर्य, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि, विनीत मिश्रा, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Suresh Kumar Khanna
Arun Kumar Sagar