*नवागत कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, समय सीमा में लंबित प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश*
---------------
नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को समय सीमा में लंबित प्रकरणों के निराकरण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी टीएल बैठक में केवल संबंधित विभागों के जिलाधिकारी ही मौजूद रहेंगे। समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलेक्टर द्वारा भविष्य में 100 दिवस से अधिक समयावधि के सीएम हेल्पलाइन मामलों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी गंभीरतापूर्वक जिम्मेवारी का निर्वहन करें और विभिन्न योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति पर भी फोकस किया जाए। अधीनस्थ कर्मचारियों के बजाय विभाग प्रमुखों को स्वयं विभागीय निर्देश एवं नियमों से अवगत होने के निर्देश दिए गए। बैठक में महत्वपूर्ण एवं बड़ी परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की सतत समीक्षा एवं मॉनिटरिंग और जनसुनवाई आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए भी कहा। कलेक्टर ने कहा कि वृहद स्तर के विभागों द्वारा प्रत्येक 15 दिवस में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की जाए। पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण हो। नागरिक सेवाओं में समय सीमा बाह्य आवेदन की स्थिति न बने और अपने अधिकार क्षेत्र के तहत विभाग स्तर पर ही प्रकरणों को निराकृत करने की कार्यवाही की जाए।
*समय सीमा में हो खाद्यान्न वितरण*
कलेक्टर ने कहा कि जिले में खाद्यान्न वितरण का कार्य प्रत्येक माह समय सीमा में सुनिश्चित हो। उचित मूल्य दुकानों के संचालन में लापरवाही पर संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करें। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र अंतर्गत दुकान के विधिवत संचालन का निरीक्षण करें। स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन वितरण, उपार्जित स्कंध का समय पर उठाव और परिवहन तथा उच्च न्यायालय में लंबित मामलों पर समय सीमा में जवाबदावा भी दाखिल किया जाए। जिला कलेक्टर द्वारा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को स्वामित्व योजना में प्रगति के लिए नियमित मॉनिटरिंग कर पटवारियों के माध्यम से समय पर कार्य पूर्ण करवाने और भूमि आवंटन के प्रकरणों में भी अपेक्षित एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा स्थानीय निकाय के अधिकारियों को संबल योजना के आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार्य करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विभागवार लंबित शिकायतों का अनिवार्य रूप से निर्धारित समयावधि में निराकरण के लिए कहा। वन विभाग से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक चर्चा की गई। साथ ही नियमित रूप से जिला स्वास्थ्य समिति, जिला कौशल विकास समिति और डीएलसीसी बैठकों के निर्देश भी दिए।
*ट्रक ड्राइवर्स का कराएं नेत्र परीक्षण*
नवागत जिला कलेक्टर ने जिले के विभिन्न स्थानों पर खराब सड़कों और ट्रक ड्राइवर्स द्वारा वाहन चालन के दौरान प्रायः नियमों का पालन न करने तथा तेज गति से वाहन चलाने की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी एक सप्ताह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व जिला परिवहन अधिकारी द्वारा परस्पर समन्वय कर ट्रक ड्राइवर्स का नेत्र परीक्षण करवाया जाए। आरटीओ वाहन मालिकों के साथ आवश्यक बैठक भी कर लें। बैठक में पोषण पुनर्वास केन्द्रों में रिक्त बेड, स्वास्थ्य विभाग के एम्बुलेंस वाहनों की स्थिति और आधार पंजीयन कार्यों की समीक्षा भी की गई। इसके अलावा सभी कार्यालय प्रमुखों को अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के शासकीय सेवा स्वत्वों से संबंधित मामलों का तत्परतापूर्वक निराकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। अंतर्विभागीय समन्वय के विषयों पर भी विचार विमर्श किया गया। समीक्षा बैठक के आरंभ में नवागत कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुुवंतराव धुर्वे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Oct 28, 2026