कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, म.प्र. भोपाल तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 कार्यक्रम जारी किया गया है। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम से अवगत कराया गया तथा जिले की विभिन्न विधानसभाओं (सरदारपुर, मनावर, धरमपुरी एवं धार) से प्राप्त मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, भवन परिवर्तन, नाम संशोधन एवं नवीन प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि तय शेड्युल के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 2 नवंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। तत्पश्चात 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, दावों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक होगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
कलेक्टर ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही व प्रचार प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जोड़े जाने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती आशा परमार, निर्वाचन सुपरवाइजर, मास्टर ट्रेनर, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 28, 2026