खेल भवन में चार दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित, आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल स्वरूप में विकसित करने पर जोर
छपरा, 21 सितंबर 2026।
जिला खेल भवन, छपरा में ‘प्रथम’ फाउंडेशन के द्वारा चार दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास के आकलन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस संबंध में दीप प्रज्वलन के साथ प्रशिक्षण सत्र के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में इस प्रशिक्षण सत्र की आवश्यकता एवं स्वरूप पर प्रकाश डाला उन्होंने बताया कि
इस प्रशिक्षण के तहत चयनित 18 बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ),98 महिला पर्यवेक्षिकाओं (एलएस)तथा 105 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं सेविकाओं को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के समग्र विकास का व्यवस्थित आकलन करने तथा गतिविधि आधारित शिक्षण एवं बाल विकास की प्रभावी प्रक्रिया को सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत मास्टर ट्रेनरों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में भेजा जाएगा। उनके द्वारा आगामी 20 दिनों तक संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकों एवं गतिविधियों का व्यवहारिक अभ्यास किया जाएगा। इसके बाद वे अपने क्षेत्र की अन्य आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को भी प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस प्रशिक्षण व्यवस्था का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास के आकलन की प्रक्रिया को प्रभावी एवं नियमित बनाना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल स्वरूप में विकसित करना है। मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षण को अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाते हुए इस व्यवस्था को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
Saharsa, Bihar | Sep 21, 2026