बाजपुर न्यूज
सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच वार्डवासियों ने थामी झाड़ू
मझरा प्रभु वार्ड के लोगों ने खुद सफाई कर पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल
बाजपुर। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर में जगह-जगह गंदगी जमा होने के बीच मझरा प्रभु वार्ड नंबर एक के निवासियों ने खुद सफाई की कमान संभाल ली। वार्ड में बढ़ती गंदगी और संक्रमण के खतरे को देखते हुए सभासद प्रतिनिधि आदित्य चानना की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह सफाई अभियान चलाया। अभियान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हाथों में झाड़ू लेकर गलियों व सड़कों की सफाई की। देखते ही देखते वार्ड की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि आदित्य चानना, शशिकांत कौशिक, लक्की सागर, सुनील शर्मा, विनोद श्रीवास्तव, रिंकी सागर और ओमपाल सागर समेत अन्य वार्डवासियों ने सक्रिय योगदान दिया। वार्डवासियों ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण गलियों में लगातार कूड़ा जमा हो रहा था। इससे संक्रमण फैलने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में प्रशासन का इंतजार करने के बजाय उन्होंने स्वयं सफाई करने का निर्णय लिया। स्थानीय लोगों के इस सामूहिक प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है। वार्डवासियों ने कहा कि सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी की भावना से कई समस्याओं का समाधान मिलकर किया जा सकता है।