धनवार प्रखंड के मांगो खुर्द गांव में अवैध रूप से संचालित आरा मिल पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार को वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर आरा मिल से मशीनें और करीब तीन ट्रैक्टर गोल लकड़ी जब्त की।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान आरा मिल चालू हालत में मिला। हालांकि, वन विभाग की टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।
इसके बाद वन विभाग ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से मशीनों को जब्त करने के साथ भारी मात्रा में रखी गोल लकड़ियों को भी अपने कब्जे में लिया गया। वहीं, जेसीबी की मदद से अवैध रूप से संचालित आरा मिल के पूरे ढांचे को तोड़कर जमीनदोज कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वन पदाधिकारी अबोध कुमार की मौजूदगी में की गई। वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।