निगम ने साफ की सड़क किनारों पर जमी मिट्टी और गंदगी, चमकी सफेद पट्टी
सड़क सुरक्षा को लेकर जगाधरी-पोंटा नेशनल हाईवे 73ए समेत प्रमुख मार्गों पर चला सफाई अभियान
यमुनानगर। शहर की प्रमुख सड़कों और डिवाइडरों के किनारे जमा मिट्टी व गंदगी को हटाने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम कर्मियों ने जेसीबी के माध्यम से मिट्टी की मोटी परतों को हटाया और सड़क किनारे जमा कचरे की सफाई कराई। यह कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक (सीएसआई) अमित कांबोज के नेतृत्व में की गई।
अभियान के तहत जगाधरी-पोंटा नेशनल हाईवे 73ए, अंबाला-जगाधरी रोड, बूड़िया रोड और जगाधरी-यमुनानगर रोड के डिवाइडरों व सड़क किनारों पर जमा मिट्टी और गंदगी को साफ किया गया। इन प्रमुख मार्गों पर सड़क के किनारे और डिवाइडर के साथ लंबे समय से जमा मिट्टी की परतों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
मिट्टी और गंदगी साफ होने के बाद सड़क किनारे लगाई गई सफेद पट्टी भी स्पष्ट दिखाई देने लगी। इससे वाहन चालकों को धुंध और कोहरे में सड़क की सीमा पहचानने में आसानी होगी। विशेष रूप से रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में सफेद पट्टी सड़क की दिशा और किनारे का संकेत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में निगम कर्मियों ने जेसीबी से मिट्टी और गंदगी हटाकर उसे ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरवाया और निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। सफाई अभियान से प्रमुख मार्गों के डिवाइडर और सड़क किनारे साफ नजर आने लगे हैं।
---------
शहर की स्वच्छता और सड़क सुरक्षा प्राथमिकता: मेयर
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। सड़कों और डिवाइडरों के किनारे जमा मिट्टी व गंदगी न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करती है, बल्कि सड़क किनारे बनी सफेद पट्टी को भी ढक देती है। इससे वाहन चालकों को सड़क की सीमा पहचानने में परेशानी हो सकती है। निगम द्वारा ऐसे सफाई कार्य नियमित रूप से करवाए जाएंगे, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित सड़कें मिल सकें।
-------
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्रवाई: आयुक्त
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम लगातार प्रयास कर रहा है। सड़क किनारे जमा मिट्टी और कचरे को हटाना स्वच्छता के साथ-साथ यातायात सुरक्षा के लिहाज से भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों में नियमितता बनाए रखें और शहर में कहीं भी मिट्टी व गंदगी जमा न होने दें।
फोटो कैप्शन - सड़क किनारे जमी मिट्टी और गंदगी साफ करती निगम की जेसीबी।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Nov 29, 2026