उप मंडी तीसा का शुभारंभ, किसानों-बागवानों को मिलेगा बड़ा लाभ
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
चंबा, 11 जून 2026।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से उप मंडी तीसा का उद्घाटन किया। लगभग 59 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस उप मंडी में 6 दुकानों तथा एक कोल्ड स्टोर का निर्माण किया गया है, जिससे क्षेत्र के किसानों और बागवानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर वर्चुअली संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने तीसा क्षेत्र के किसानों एवं बागवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीसा उपमंडल फूलों, फलों तथा गैर-मौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि उप मंडी के शुरू होने से किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए क्षेत्र से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें अपने उत्पादों के उचित मूल्य मिल सकेंगे।
कार्यक्रम में ललित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों के हित में लगातार सार्थक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक मक्की, गेहूं, जौं और हल्दी के लिए समर्थन मूल्य देने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिलदार अली भट , यशवंत खन्ना , निर्मला भूटानी , भूपेंद्र कुमार सहित विभिन्न क्षेत्रों से किसान, बागवान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Jun 11, 2026