भारतीय शक्ति चेतना पार्टी का स्थापना दिवस 7 जून को, विशाल रैली एवं आमसभा का होगा आयोजन
वैढ़न, सिंगरौली। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 7 जून 2026 को वैढ़न स्थित रामलीला मैदान (अंबेडकर चौक के पास) में विशाल रैली एवं आमसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों के अनुसार स्थापना दिवस समारोह में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शक्ति स्वरूपा बहन संध्या शुक्ला जी तथा राष्ट्रीय महासचिव सिद्धा श्रमरत्न श्री आशीष शुक्ला जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन संपन्न होगा।
उक्त कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने जानकारी देकर अवगत कराते हुए कहा की कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं आमजन के शामिल होने की संभावना है। रैली के उपरांत आयोजित आमसभा में संगठन की विचारधारा, आगामी कार्ययोजना एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पार्टी पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने की अपील की है।