ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
छतरपुर। सटई निवासी मुकेश जोशी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सुधा जोशी, संजय जोशी और सुजान सिंह पर हत्या की साजिश रचने, झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि इसके संबंध में उनके पास ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।
आवेदन में मुकेश ने आरोप लगाया कि मकान विवाद को लेकर आरोपित उन्हें नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। साथ ही 31 मई को रास्ता रोककर धमकी देने की बात भी कही गई है।
मुकेश का यह भी आरोप है कि थाना सटई में शिकायत करने पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई और पांच हजार रुपए की मांग की गई। इसकी शिकायत उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भी की है।
थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
नोट: समाचार शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।