त्यौहारों के दृष्टिगत रायसेन में पटाखा दुकान का औचक निरीक्षण, कार्बाइड गन के अवैध कारोबार पर सख्ती
–––
–––
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया के निर्देशानुसार आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने रायसेन में एसडीएम श्री मनीष शर्मा और एसडीओपी आकांक्षा तलया द्वारा पाटनदेव स्थित पटाखा दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक को कार्बाइड गन के अवैध निर्माण, बिक्री एवं उपयोग पर रोक संबंधी निर्देशों से अवगत कराते हुए नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्बाइड गन से गंभीर चोट एवं जनहानि की आशंका रहती है, इसलिए इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रायसेन के साथ ही जिले भर में पटाखा विक्रेताओं की दुकानों की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य त्यौहारों के दौरान संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना तथा नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा ऐसी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वह सुरक्षित तरीके से त्यौहार मनाएं तथा कार्बाइड गन जैसे जोखिमपूर्ण उपकरणों का उपयोग न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों या पुलिस को दें।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026