▫️रायसेन को स्वच्छ, सुंदर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने चरणबद्ध कार्ययोजना बनाकर करेंगे काम- कलेक्टर श्री सिसोनिया
▫️नवागत कलेक्टर ने पत्रकारों के साथ की प्रेस वार्ता, जिले की समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर हुआ सार्थक संवाद
▫️पर्यटन स्थलों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ने, रोजगार के नए अवसर तलाशने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर दिया जोर
––––
––––
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में नवागत कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ जिले की वर्तमान स्थिति, जनसमस्याओं, विकास की संभावनाओं और प्रशासन की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इस दौरान प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने रायसेन शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसमस्याओं से अवगत कराया तथा उनके निराकरण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने जिला मुख्यालय पर सड़कों के किनारे अतिक्रमण, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, सड़कों और नालियों की नियमित साफ-सफाई, सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से लगने वाले ठेलों तथा यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, अस्पताल परिसर में स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा जिले में पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।
कलेक्टर श्री सिसोनिया से संवाद के दौरान पत्रकारों ने कहा कि रायसेन जिले में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां सांची बौद्ध स्तूप, भीम बेटका, भोजपुर शिव मंदिर, रायसेन दुर्ग, जामवंत की गुफा सहित अनेक ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं। इन पर्यटन स्थलों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही नागरिक सुविधाओं में सुधार और जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
चरणबद्ध योजना बनाकर होगा विकास कार्य
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए बिन्दुओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्ययोजना तैयार कर काम किया जाएगा। शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को होने वाली परेशानियों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रायसेन जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन स्थलों को टूरिस्ट सर्किट से जोड़ने, पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने तथा पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नवीन अवसर तलाशने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। विकास की योजनाओं को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाएगा।
जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद हितग्राही तक पारदर्शी तरीके से तथा शीघ्र पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी की जाएगी और मैदानी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विकासखण्डों में बैठकें आयोजित कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की स्वयं नियमित समीक्षा करेंगे। समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रगति, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विकासखण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, जिससे कि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान हेतु जिला मुख्यालय पर ना आना पड़े।
जनसमस्याओं के समाधान में संवाद को बताया महत्वपूर्ण
प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर श्री सिसोनिया ने जिले के विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि जनसमस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। जिला मुख्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन विकास जैसे विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए जिले को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner