डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर क्विज व भाषण प्रतियोगिता आयोजित, छात्रों ने दिखाया उत्साह
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल मेरा युवा भारत के अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें एनएसएस एवं एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिक्षक विपिन लखेरा ने मंच संचालन करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि डॉ. मुखर्जी एक महान शिक्षाविद, प्रखर विचारक और सच्चे राष्ट्रभक्त थे।
प्राचार्य कल्पना नामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
शिक्षक आर.के. हरदहा ने भी डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों से उनके विचारों को आत्मसात करने की अपील की। कार्यक्रम में एनएसएस प्रभारी प्रवीण अग्रवाल, मेरा युवा भारत कार्यक्रम अधिकारी रघुनंदन झारिया, सहायक कर्मचारी अनुराग राय, युवा भारत के स्वयंसेवक शिवम ठाकुर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of School Education, Madhya Pradesh
5 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jul 7, 2026