*लिंक रोड से अतिक्रमण हटाया, अब बनेगा चौड़ा मार्ग एवं फुटपाथ*
*नगर विकास न्यास की कार्रवाई से मंडी रोड के पीछे लिंक रोड के विकास का रास्ता साफ*
*सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर।* नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के तहत मंडी रोड के पीछे स्थित लिंक रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को बुलडोजर एवं अन्य संसाधनों की सहायता से हटाया गया, जिससे मार्ग को चौड़ा करने का रास्ता साफ हुआ।
कार्रवाई के दौरान यूआईटी के तहसीलदार, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित तकनीकी टीम मौके पर मौजूद रही। अतिक्रमण हटने के बाद लिंक रोड का स्वरूप अधिक खुला एवं व्यवस्थित हो गया है।
*सड़क के दोनों ओर बनेंगे फुटपाथ:-* यूआईटी सचिव मोहित कासनिया ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद लिंक रोड का निर्माण कराया जाएगा। आमजन एवं राहगीरों की सुविधा के लिए सड़क के दोनों ओर फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यातायात सुगम होने के साथ पैदल आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने अवैध कब्जाधारियों से अपील की कि वे अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यास द्वारा विकास एवं सौंदर्यीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। यदि अतिक्रमण हटाने के लिए बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी तो कार्रवाई में होने वाले व्यय की वसूली संबंधित अतिक्रमी से की जाएगी।